Hockey U18 Asia Cup: भारत ने जीता हॉकी अंडर-18 एशिया कप का खिताब, डिफेंडिंग चैंपियन जापान को फाइनल में हराया

रांचीः जापान के काकामीगाहारा में आयोजित अंडर-18 पुरुष एशिया कप हॉकी 2026 में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मेजबान जापान को रोमांचक फाइनल में 4-3 से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया.
Mo
इस ऐतिहासिक जीत के नायक झारखंड के युवा स्ट्राइकर आशीष तानी पूर्ती रहे, जिन्होंने फाइनल में हैट्रिक लगाकर भारत को चैंपियन बनाने में निर्णायक भूमिका निभाई. लगातार तीसरे मैच में शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया.
फाइनल मुकाबले में आशीष ने मैच के दूसरे ही मिनट में गोल कर भारत को शुरुआती बढ़त दिलाई. इसके बाद उन्होंने दो और गोल दागकर अपनी हैट्रिक पूरी की. पूरे टूर्नामेंट में उनके आक्रामक खेल के सामने विपक्षी टीम बेबस नजर आईं. आशीष ने प्रतियोगिता में कुल 13 गोल दागे और टूर्नामेंट के टॉप स्कोरर बने.
इससे पहले पाकिस्तान के खिलाफ खेले गए सेमीफाइनल में भी आशीष ने यादगार प्रदर्शन किया था. एक समय भारतीय टीम 2-3 से पीछे चल रही थी लेकिन अंतिम क्वार्टर में आशीष ने चार गोल कर मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया. भारत ने पाकिस्तान को 5-3 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया. पूल चरण में चीनी ताइपे के खिलाफ भी उन्होंने हैट्रिक लगाई थी. सेमीफाइनल और फाइनल जैसे बड़े मुकाबलों में लगातार हैट्रिक लगाकर उन्होंने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया.
स्वर्ण पदक विजेता भारतीय पुरुष टीम में झारखंड के दो खिलाड़ी आशीष तानी पूर्ती और प्रेमचंद सोए शामिल थे. दोनों खिलाड़ियों के प्रदर्शन ने राज्य का गौरव बढ़ाया है.
