बड़ी खबर: पीएम नरेंद्र मोदी का 76वां जन्मदिन आज, देशभर में कार्यक्रम:उज्जैन में 25 लाख दीप जलेंगे, गुजरात से वाराणसी तक निकलेगी बाइक यात्रा; फरीदाबाद में दिव्यांगों को स्कूटी

देशभर में कहां-कहां क्या कार्यक्रम होंगे, पढ़िए…
1. वाराणसी – बुनकर ने सिल्क से मोदी और उनकी मां की तस्वीर बनाई
वाराणसी के बुनकर सर्वेश कुमार श्रीवास्तव ने सिल्क के धागों से पीएम मोदी की उनकी मां हीराबेन मोदी के साथ तस्वीर बनाई है। इसे पारंपरिक उचंद कला से तैयार किया गया है।
इस तस्वीर को बनाने में करीब डेढ़ महीने का समय लगा। यह कलाकृति वाराणसी की बुनकरी और पारंपरिक कला की विरासत को भी दर्शाती है।
2. गुजरात – वडनगर और वाराणसी से एक साथ शुरू होंगी बाइक यात्राएं
गुजरात के वडनगर और वाराणसी से एक साथ बाइक यात्राएं शुरू होंगी। वडनगर से निकलने वाली यात्रा वाराणसी पहुंचेगी, जबकि वाराणसी से शुरू होने वाली यात्रा वडनगर आएगी। दोनों यात्राओं का समापन 7 अक्टूबर को होगा। वडनगर से यात्रा को गृह मंत्री अमित शाह हरी झंडी दिखाएंगे।
दोनों यात्राओं में करीब 1,000 युवा शामिल होंगे। ये 10 राज्यों के 193 जिलों और करीब 1,159 गांवों से होकर गुजरेंगी और करीब 40 हजार किमी की दूरी तय करेंगी। वडनगर से वाराणसी जाने वाली यात्रा झारखंड, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश के उन इलाकों से भी गुजरेगी, जो पहले नक्सलवाद से प्रभावित रहे हैं।
3. मध्य प्रदेश – उज्जैन में 25 लाख से ज्यादा दीप जलेंगे
उज्जैन में शिप्रा नदी के घाटों और महाकाल लोक क्षेत्र में करीब 25 लाख मिट्टी के दीप जलाए जाएंगे। भाजपा अध्यक्ष नीतिन नवीन शिप्रा नदी की आरती और ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम में शामिल होंगे।
इसी दिन इंदौर में केंद्र सरकार की स्वामित्व योजना के तहत राज्यभर में जमीन के लिए नई रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया शुरू होगी। भाजपा के मुताबिक, यह प्रक्रिया पीएम मोदी के जन्मदिन के मौके पर शुरू होगी।
4. जम्मू-कश्मीर – 8.9 लाख दीप जलाने की तैयारी
जम्मू-कश्मीर में 8.9 लाख दीप जलाए जाएंगे। केंद्र शासित प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में दीप जलाने के लिए भाजपा कार्यकर्ता तैयारियों में जुटे हैं।
